उरई। हर घर पानी की नमामि गंगे योजना धोखा धडी की भेंट चढायी जा रही है। यह योजना भ्रष्ट अधिकारियों और अभियंताओं के लूट का जरिया बन गयी है। कई जगह इसके प्रमाण सामने आ रहे हंै।
      डकोर ब्लाक की मोहम्मदाबाद ग्राम पंचायत में नमामि गंगे योजना में आधा अधूरा कार्य कराकर ठेकेदार ने पूरा भुगतान निकाल लिया जबकि देखने के बाबजूद अधिकारियों और अभियंताओ ने भी इसे ओके कर डाला । इस वजह से उक्त गांव में हर घर पानी पहुंचाने का संकल्प थोथा साबित होकर रह गया है।
      ग्राम प्रधान भगवानदास ने बताया कि गांव के मुहल्ला फजलगंज , अहिरवार बस्ती , गऊशाला और पूर्व माध्यमिक विद्यालय तक पाइप लाइन बिछाने का कोई कार्य नहीं हुआ है। दूसरी ओर एक वर्ष से लगभग 10 जगह पाइप लाइन लीकेज के कारण रिस रही हैं जिनमें पानी आगे नहीं बढ पा रहा है जबकि अभी इसका लोकार्पण भी नहीं हुआ है।
     फिर भी जल निगम ग्रामीण के उरई खण्ड के अधिशाषी अभियन्ता एके गुप्ता ने ग्राम पंचायत के प्रधान व सचिव को फरमान भेज दिया है कि वे योजना को हस्तगत कर लें । वे बराबर दबाव डाल रहे है कि ग्राम पंचायत आधी अधूरी परियोजना को आंख मूंदकर अपनी सुपुर्दगी में  ल ेलें ताकि वे इसकी जिम्मेदारी से छुटटी पा सकें। प्रधान का कहना है कि ग्रामीणों में इस हठधर्मिता के कारण क्षोभ है और ऐसी हालत में पंचायत के जिम्मेदार अधिशाषी अभियन्ता के दबाव में आ जाते है तो गांव के कई मुहल्लों को पीने के पानी के लिये तरसना पडेगा।
     प्रधान ने बताया कि अपने पत्र में अधिशाषी अभियन्ता को अपना यह झूठ लिखते हुये बिलकुल भी संकोच नहीं लगा कि नमामि गंगे योजना का गांव में कार्य सम्पूर्ण रूप से पूरा करके जलापूर्ति सुचारू रूप से चालू कर दी गयी है। उन्होने जिलाधिकारी को वस्तुु स्थिति की जानकारी देकर अधिशाषी अभियन्ता को यह आगाह करने की मांग की है कि प्रवंचना छोडकर वे प्रत्येक मुहल्ले में लाइन बिछाना और लीकेज की मरम्मत करवाना सुनिश्चित करें। तभी पंचायत से इसे हस्तगत करने का आग्रह किया जाये। 

Leave a comment