
उरई। राजकीय मेडीकल काॅलेज के एक सप्ताह के रंगारंग वार्षिकोत्सव सृजन का समापन शुक्रवार को हुआ । इस अवसर पर मण्डलायुक्त डा0 आदर्श सिंह ने पुरस्कार वितरण समारोह का शुभारंभ ज्ञान की देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन के साथ किया ।
एनेस्थीया विभाग के सहायक आचार्य डा0 अरूण अहिरवार ने कार्यक्रम का संचालन किया । मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुये प्रधानाचार्य डा0 डीनाथ ने कहा कि मण्डलायुक्त ने सरकार की योजनाओं का लाभ इसके पात्रों तक पहुंचाने में जबरदस्त योगदान किया है जिसके लिये वे सराहना के पात्र हैं ।
मण्डलायुक्त ने समापन भाषण में कहा कि छोटी मोटी असफलताओं से कभी निराश नहीं होना चाहिये। स्वयं का उदाहरण देते हुये उन्होंने कहा कि वे संकल्प के साथ परीक्षा देते रहे जिसकी बदौलत यूपीएससी की देश की सबसे बडी और कठिन इस परीक्षा को पास करके वे आईएएस बन पाये ।
उन्होंने छात्र छात्राओं का मनोबल बढाने के लिये एक संक्षिप्त प्रजेन्टेशन भी प्रस्तुत किया जिसमें विभिन्न सिलाइड के माध्यम से कई सकारात्मक और प्रेरक प्रसंगों को वर्णित किया । इसके उपरांत मेडीकल काॅलेज में बैच 2020 द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम सृजन 2022 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्र छात्राओं को प्रशस्ति प्रमाणपत्र वितरित किये।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डा0 अभय कुमार श्रीवास्तव , अपर जिलाधिकारी पूनम निगम , मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एनडी शर्मा व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।








Leave a comment