चोरी की एक और वारदात से दुकानदारों और व्‍यापारियों में खौफ , आक्रोश

उरई | थाना माधौगढ की पुलिस चौकी बंगरा क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस को मुंह चिढाते हुये बंगरा कस्‍बे के बस स्‍टैण्‍ड पर लगातार हो रही चोरियों की श्रंखला में आज और दो चोरियॉ जुड गईं जब मंगलवार देर रात कन्‍फैक्‍शनरी की दो दुकानों में सेंध लगाकर लाखों का माल और नकदी उडा दिए गए   |

जानकारी के अनुसार दुकानदार संतोष पचौरी की बंगरा में कन्‍फैकशनरी की सबसे बडी दुकान है जिसमें बडे बडे ब्रांडों का लाखों रूपये का सामान भरा रहता है और उसी के बगल में गौरव मिश्रा की भी कन्‍फैकशनरी की दुकान है |  दोनों दुकानें एक दूसरे से सटी हुई हैं | चोरों ने गौरव की दुकान के पिछवाडे में सेंध लगाकर पहले गौरव की दुकान में चोरी की फिर उसी के भीतर से संतोष की दुकान की टीन की दीवार मोड कर संतोष की दुकान में चोरी की | दोनों चोरियों में लाखों रूपये का सामान और नकदी चोर उडा ले गये | 

बंगरा में पिछले महीने की 11 तारीख को भी एक कन्‍फैकशनरी की दुकान में चोरी हुई थी जिसमें एक लाख रूपये से अधिक का सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया गया  था | जिसके बाद आक्रोशित दुकानदारों ने रोड जाम कर चोरों को पकडने की पुलिस प्रशासन से मॉग की थी | मौके पर सीओ माधौगढ, थाना प्रभारी माधौगढ ने एक सप्‍ताह के अंदर चोरों को पकडने का आश्‍वासन दिया था पर पुलिस चोरों को पकडने की बजाय वसूली में मशगूल रही और महीने भर बाद ही चोर एक और वारदात को अंजाम देने में कामयाब रहे  |

पिछले डेढ महीने के अन्‍दर  दुकानों में चोरी की यह छठवीं घटना है |  पुलिस प्रशासन का चोरों के प्रति इतना उदार रवैया लोगों में हैरानी पैदा कर रहा है कि आखिर क्‍या कारण है कि पुलिस की नाक के नीचे लगातार चोरियॉ हो रही हैं और पुलिस चोरों को पकडने की बजाय वाहनों से वसूली को अधिक प्राथमिकता दे रही है ।

Leave a comment