रेंज डीआईजी ने वार्षिक निरीक्षण की औपचारिकता के लिये दिन भर में पुलिस लाइन , एसपी ऑफिस और तीन थानों के मुआयने को निपटाया


उरई। झांसी परिक्षेत्र के डीआईजी जोगिन्दर सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय का निरीक्षण करने के साथ पुलिस लाइन में जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ नगर निकाय चुनाव को लेकर बैठक की । इसके बाद जल्दी जल्दी उरई कोतवाली और जालौन कोतवाली का निरीक्षण किया। वापस लौटते समय उन्होंने एटं थाने का मुआयना भी रास्तें में कर डाला ।
  मात्र तीन जिलों के पर्यवेक्षण तक सिमटे झांसी रेंज के डीआईजी जोगिन्दर सिंह ने वर्ष भर प्रधान मंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे को छोडकर जिले की पुलिस की खबर लेने से प्रायः परहेज ही बरता लेकिन वार्षिक निरीक्षण बाध्यता के कारण आज उन्हें साल के आखिरी महीने में जनपद के वार्षिक निरीक्षण के लिये आना  पडा ।
इस दौरान सबसे पहले उन्होंने पुलिस लाइन पहुंचकर परेड की सलामी ली। इसके बाद यूपी 112 , कन्ट्रोल रूम , शस्त्रागार , गणना कार्यालय , सीसीटीएनएस आदि कार्यालयों का निरीक्षण कर पुलिस लाइन में ही कानून व्यवस्था एवं नगर निकाय के आगामी चुनाव के दृष्टिगत बैठक करके थाना प्रभारियों को जरूरी निर्देश दिये । बैठक में पुलिस अधीक्षक रविकुमार , अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी , सभी क्षेत्राधिकारी भी उपस्थित रहे।
तदोपरान्त डीआईजी ने एसपी कार्यालय में पहुंचकर नवनिर्मित प्रतीक्षालय का शिलान्यास किया । इस मौके पर जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे । बाद में उन्होंने पुलिस कार्यालय के समस्त शाखाओं का निरीक्षण निपटाया ।
प्रस्थान के पूर्व उन्होंने उरई कोतवाली व जालौन कोतवाली का आनन फानन निरीक्षण निपटाकर झांसी जाते हुये ऑन वे एट थाने का भी निरीक्षण कर लिया । 

Leave a comment