एक सप्ताह से लापता मंद बुद्धि युवक का शव मलंगा नाले में बरामद

जालौन-उरई । एक सप्ताह से लापता मंद बुद्धि युवक का शव मंगलवार को बिरिया खेडा मंदिर के पास मलंगा नाले से बरामद हो गया है |

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा निवासी अब्दुल गफूर का 20 वर्षीय पुत्र अरमान मंसूरी मानसिक रूप से कमजोर था । बीती 6 दिसंबर को करीब 11 बजे अरमान घर से निकला था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई। सभी संभावित स्थानों पर देखने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। तब उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच चार दिन पूर्व बेटे की तलाश कर रहे पिता को पता चला कि उनका बेटा आखिरी बार बिरिया खेड़ा मंदिर के पास मलंगा नाले पर दिखा था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस की मदद से मलंगा नाले में जाल लगवाकर बेटे की खोज कराई। लेकिन उसका पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह बिरिया खेड़ा मंदिर पर पूजा के लिए जाते समय कुछ लोगों को एक शव मलंगा नाले के पुल में फंसा दिखा। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने पहले पुल में फंसे शव को बाहर निकलवाने का प्रयास किया। लेकिन पानी के बहाव के चलते शव बाहर नहीं निकला सका। तब जेसीबी मशीन की मदद से शव का बाहर निकलवाया गया। शव के बाहर आने के बाद पिता ने शव की पहचान अरमान के रूप में की। जिसके बाद पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पिता अब्दुल गफूर ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से कमजोर था। वह उसे अक्सर वह घर में ही रखते है। कभी कभार मोहल्ले में ही कहीं चला जाता था तो कुछ देर बाद वापस घर आ जाता था। लेकिन अबकी बार बेटा गया तो लौटकर नहीं आया। उक्त संदर्भ में कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि लापता युवक का शव मलंगा नाले से बरामद हुआ है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment