उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बैरकों, रसोईघर, अस्पताल कक्ष, सुरक्षा चौकियों और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की विस्तार से जांच की गई।
जिलाधिकारी ने कारागार प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और साफ-सुथरा वातावरण हर हाल में उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और संवेदनशील बंदियों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि जेल की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गेट चेकिंग, मुलाकात व्यवस्था की निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक नीरज देव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कारागार स्टाफ उपस्थित रहे।







Leave a comment