जालौन। थाना सिरसा कलार क्षेत्र की न्यामतपुर चौकी के अंतर्गत ग्राम पिथऊपुर में मानसिक तनाव से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिथऊपुर निवासी अमर सिंह चंदेल (75) पुत्र बाबूराम चंदेल सोमवार रात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अपने खेत पर स्थित नलकूप पर सो रहे थे। उनके साथ नाती हिमांशु पुत्र अरविंद सिंह भी मौजूद था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे परिवार के राम लखन खेत पर पहुंचे और हिमांशु से नलकूप चलाने को कहा। इस दौरान अमर सिंह वहां नहीं मिले। खोजबीन करने पर खेत से कुछ दूरी पर अररू के पेड़ पर उनका शव रस्सी के फंदे से लटकता मिला।

घटना की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलते ही न्यामतपुर चौकी प्रभारी चेतराम बुन्देला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद थाना प्रभारी वरुण प्रताप भी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम की सहायता से जांच कराई तथा पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उरई भेज दिया।

बताया गया है कि वर्ष 1984 के एक हत्या प्रकरण में अमर सिंह समेत अन्य लोगों को निचली अदालत से आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई थी, लेकिन 4 मई को हाईकोर्ट ने सजा को बरकरार रखा। इसके बाद से अमर सिंह काफी मानसिक तनाव में थे और किसी से बातचीत भी कम कर रहे थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि इसी चिंता के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया।

थाना प्रभारी वरुण प्रताप ने बताया कि मृतक के पुत्र अरविंद सिंह की तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

Recent posts