उरई। जनपद में अवैध खनन एवं राजस्व क्षति रोकने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स समिति ने चुर्खी रोड क्षेत्र में देर रात विशेष अभियान चलाकर अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बिना वैध अनुमति मिट्टी का परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर पकड़ लिया गया। जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा आवश्यक अभिलेख एवं वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर प्रशासन ने सभी वाहनों को तत्काल सीज कर फैक्ट्री एरिया चौकी में खड़ा करा दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों एवं नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि खनन से जुड़े सभी कार्य शासन की निर्धारित प्रक्रिया एवं वैध अनुमति के अनुसार ही किए जाएं। प्रशासन द्वारा देर रात की गई इस कार्रवाई को अवैध खनन के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियम विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







Leave a comment