उरई। दिल्ली जा रही एक निजी बस में महिला सिपाही द्वारा कथित रूप से हंगामा किए जाने के चलते यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ा। मामला मंगलवार शाम का बताया जा रहा है, जब उरई से टूरिस्ट पैकेज लेकर दिल्ली जा रही अमर ट्रेवल्स की बस में सीट को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पूरी तरह भरी हुई थी। इसी दौरान एक महिला सिपाही बस में बैठने के लिए जोर देने लगी। बस स्टाफ द्वारा सीट उपलब्ध न होने की बात कहे जाने पर महिला सिपाही कथित रूप से नाराज हो गई और पुलिसिया रौब दिखाने लगी। आरोप है कि उसके फोन करने पर जालौन चौराहे पर डायल-112 पुलिस ने बस को रुकवा लिया।
बस के काफी देर तक खड़े रहने से यात्री परेशान हो उठे और विरोध जताने लगे। इस दौरान महिला सिपाही और कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा यात्रियों से अभद्रता किए जाने के भी आरोप लगे हैं। बताया जाता है कि महिला सिपाही ने जेल चौकी का स्टाफ भी मौके पर बुला लिया, जिससे काफी देर तक अफरा-तफरी और बहस का माहौल बना रहा।
इसी बीच किसी यात्री ने मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को दे दी। उनके निर्देश पर कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह ने मौके की जानकारी ली और हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। सूत्रों के अनुसार कोतवाल ने महिला सिपाही और जेल चौकी प्रभारी को फटकार भी लगाई, जिसके बाद बस को रवाना किया गया।
घटना के बाद यात्रियों में पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर नाराजगी देखी गई। अब सवाल उठ रहा है कि पुलिस वर्दी के कथित दुरुपयोग और अनुशासनहीनता के मामले में संबंधित महिला सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी या नहीं।






Leave a comment