ईद-उल-अज़हा पर पूरे दिन सक्रिय रहे डीएम-एसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

उरई। ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह पूरे दिन जनपद में सक्रिय रहे। दोनों अधिकारियों ने उरई, कालपी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के वातावरण में सम्पन्न कराए जाएं।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनपद के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट तैनात रहे। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की गई तथा लगातार गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। अधिकारियों ने मस्जिदों एवं ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, यातायात और विद्युत व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

जनपद में ईद-उल-अज़हा का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जो जालौन की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता का प्रतीक बना।

Leave a comment