उरई। कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह अजनारी फ्लाईओवर के निकट एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे झांसी की ओर से आ रही बलेनो कार (नंबर DD-01A-7805) अजनारी फ्लाईओवर के पास अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में कार सवार अखिलेश पुत्र रामचंद्र विश्वकर्मा तथा ब्रजराज पुत्र कन्हैया यादव, निवासी जनपद आजमगढ़ एवं वर्तमान निवासी दादरा एवं नगर हवेली (गुजरात), की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

वहीं दुर्घटना में अभय, अनुराग तथा श्रीमती जीरा अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी नगर ने भी मौके का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। हादसे की सूचना मृतकों एवं घायलों के परिजनों को दे दी गई है।

Leave a comment

Recent posts