उरई। थाना कैलिया पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को चोरी गए शत-प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को रागनी नामक महिला ने थाना कैलिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि रामकुमार पुत्र मुन्नीलाल अहिरवार निवासी ग्राम किशुनपुरा ने उनके घर से सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर थाना कैलिया में मुकदमा अपराध संख्या 51/2026, धारा 331(4) एवं 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बुधवार को थाना कैलिया पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आरोपी रामकुमार (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के जनपदों एवं थानों से जुटाई जा रही है।




Leave a comment