कालपी (जालौन)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी में बुधवार सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) अंकित निगम ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय पर अस्पताल न पहुंचने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा समयपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया। निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति दर्ज कराई गई। करीब आधे घंटे बाद पहुंचे कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए भविष्य में समय से अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बार-बार देरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल अधीक्षक और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को बाहर की दवाएं लिखने की शिकायत किसी भी स्थिति में नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी चिकित्सक द्वारा बाहर की दवा लिखे जाने का मामला सामने आया तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने एक्स-रे कक्ष, बीपी कक्ष, प्रसव कक्ष, नेत्र कक्ष और ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने दवा वितरण केंद्र पर पहुंचकर मरीजों से उपलब्ध कराई जा रही दवाओं के बारे में जानकारी ली और वितरित दवाओं की भी जांच की। अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वच्छता में सुधार लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सीएमओ अंकित निगम ने बताया कि अस्पताल की अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि सफाई व्यवस्था में कुछ कमियां मिली हैं, जिन्हें सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. दिनेश बर्दिया, डॉ. विशाल सचान, डॉ. आदर्श गौतम, डॉ. रोहित सिंह सहित चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




Leave a comment