कालपी (जालौन)। नगर में मुन्ना फुल पावर के निकट स्थित हाईवे ओवरब्रिज के नीचे का एक हिस्सा अचानक गिर जाने से बुधवार सुबह हड़कंप मच गया। घटना के समय नीचे मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक ओवरब्रिज के निचले हिस्से का एक टुकड़ा टूटकर गिर पड़ा। घटना के समय आसपास कई लोग मौजूद थे, जो तेज आवाज सुनते ही सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मशीनों तथा अन्य उपकरणों की सहायता से क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। अधिकारियों ने टूटे हुए हिस्से को सुरक्षित करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराया।
मरम्मत के बाद स्थानीय लोगों को पूर्व की भांति मार्ग का उपयोग करने की अनुमति दे दी गई। हालांकि घटना के बाद लोगों ने ओवरब्रिज की गुणवत्ता और नियमित रखरखाव को लेकर चिंता जताई है। नागरिकों ने पुल की तकनीकी जांच कराए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके




Leave a comment