40 वर्षों से जर्जर सड़क के निर्माण की मांग तेज, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

उरई। जनपद जालौन के विकास खंड कदौरा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने बरही बम्बा से बसरेही-जलालपुर संपर्क मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 23 किलोमीटर लंबा यह मार्ग पिछले करीब 40 वर्षों से बदहाल स्थिति में है, जिससे क्षेत्र की हजारों की आबादी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि बरही बम्बा से मटरा, कुरहना, कुआखेड़ा, ब्राह्मण मवई, करमचन्द्रपुरवा, शहीदनगर, सरसई डेरा, अलमोरी डेरा, परासन, कुनेहटा, मैधाना डेरा, चन्दरसी, कानाखेड़ा, नगवा, बसरेही, पथरेहटा, मरगाय डेरा होते हुए जलालपुर तक जाने वाला मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों और उबड़-खाबड़ सतह के कारण आवागमन के लिए बेहद जोखिमपूर्ण बना हुआ है। इस सड़क से लगभग 30 गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई होती है। वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है तथा कई स्थानों पर आवागमन लगभग ठप हो जाता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में उपमुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्री और मंडलायुक्त झांसी को भी प्रार्थना-पत्र दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2025 में क्षेत्र की जनता और ग्राम प्रधानों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी किया था।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के विभिन्न घाटों से बालू से लदे भारी वाहन गांवों के रास्तों से होकर गुजरते हैं, जिससे सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही है तथा दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

ज्ञापन पर नितेन्द्र राजपूत उर्फ सोनू, नीरज राजपूत, शिवकुमार सहित अनेक ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से बरही बम्बा से बसरेही-जलालपुर संपर्क मार्ग का शीघ्र सीसी सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी पुनः शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a comment

Recent posts