सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

टोल प्लाजाओं पर चौबीसों घंटे प्रसारित होंगे सुरक्षा संदेश, रॉन्ग साइड और ओवरस्पीडिंग पर चलेगा विशेष अभियान

उरई। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं आमजन के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरतने और नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कानपुर-झांसी फोरलेन स्थित एट एवं आटा टोल प्लाजा पर पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से चौबीसों घंटे सड़क सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित कराने के निर्देश दिए। विशेष रूप से रात्रि के समय वाहन चालकों को थकान और नींद की स्थिति में विश्राम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि एट और आटा टोल प्लाजा पर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कर वाहन चालकों एवं परिचालकों की मधुमेह, रक्तचाप, नेत्र परीक्षण सहित अन्य स्वास्थ्य जांच कराई जाए। साथ ही वाहन चालकों की कार्य दक्षता का भी परीक्षण किया जाए।

जिलाधिकारी ने फोरलेन मार्ग पर निर्धारित ले-बाई के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर खड़े वाहनों को तत्काल हटाने तथा ऐसे वाहन स्वामियों के विरुद्ध लाइसेंस और परमिट निरस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है और इसके प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।

उन्होंने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर रॉन्ग साइड वाहन संचालन, ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

शहर को जाममुक्त बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ने जिला परिषद चौराहे से अंबेडकर चौराहे तक अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी कार्यालय के निकट सुभाष तिराहे पर स्थापित प्रतिमा को व्यवस्थित ढंग से स्थानांतरित कर सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने तथा तिराहे पर लगने वाले जाम का स्थायी समाधान निकालने को कहा।

उन्होंने ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए जिनके पास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर नोटिस जारी कर सीलिंग की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट क्षमता बढ़ाने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने इंदिरा स्टेडियम के सामने पुरानी सब्जी मंडी मार्ग, मेडिकल कॉलेज से गोविंदम तक तथा कोच बस स्टैंड से रिनिया फाटक तक स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा लक्ष्मीबाई तिराहे पर हाईमास्ट लाइट की क्षमता बढ़ाने और नगर क्षेत्र के जर्जर विद्युत पोलों को बदलने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने शहर और कालपी क्षेत्र में सड़क की दृश्यता प्रभावित करने वाले अवैध होर्डिंग्स एवं विज्ञापन बोर्डों को तत्काल हटाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर और नगर पालिका को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए।

गोल्डन ऑवर में उपचार पर विशेष जोर

दुर्घटनाओं के बाद त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज एवं स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध एम्बुलेंस, एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) वाहनों और अन्य जीवनरक्षक संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद के “गोल्डन ऑवर” में बेहतर उपचार से अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, एआरटीओ प्रशासन सौम्या पाण्डेय, अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सुनील कुमार, महेंद्र सिंह, महेंद्र नाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment