उरई। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद जालौन में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिए योग)” के तहत पुलिस लाइन उरई में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों, सरकारी कार्यालयों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक योगाभ्यास हुआ।
मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल, कृषि विभाग के सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
महेश कुमार शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग आज विश्व स्तर पर स्वास्थ्य और जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और विचारों को सकारात्मक बनाने का माध्यम है।
नोडल अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक है तथा आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों के बीच स्वस्थ और संतुलित जीवन का प्रभावी साधन है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की पद्धति है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनाना चाहिए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम के अलावा जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संस्थाओं में आयोजित योग कार्यक्रमों में लगभग नौ लाख लोगों ने सहभागिता की। उन्होंने कहा कि यह जनपद की योग के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, मानसिक दृढ़ता बढ़ाने तथा कार्यक्षमता और एकाग्रता में वृद्धि करने का प्रभावी माध्यम है।
योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। जनपद भर में महिला समूहों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता, जनसहभागिता और सामाजिक एकजुटता का प्रभावशाली उदाहरण बनकर सामने आया।







Leave a comment