उरई/जालौन। कैलिया थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नरी निवासी अब्दुल रहमान पुत्र उस्मान खां ने 19 जून 2026 को थाना कैलिया में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही मजीद खां ने उनके घर का ताला तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर थाना कैलिया में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 20 जून को कैलिया थाना पुलिस ने खैरी मोड़ के पास से आरोपी मजीद खां पुत्र उस्मान खां (35 वर्ष), निवासी ग्राम नरी, थाना कैलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।







Leave a comment