उरई। झांसी रोड स्थित ब्रज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एआरटीओ राजेश वर्मा, यातायात प्रभारी वीर बहादुर, विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर अजय इटौरिया तथा जिला अस्पताल की टीम ने सहभागिता की।
जिला अस्पताल के डॉ. महरकांत राजपूत के नेतृत्व में आयोजित शिविर में ब्रज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल, एस.आर. पब्लिक स्कूल, मिजपा तथा रामश्री महर्षि स्कूल के कुल 47 बस चालक एवं परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान उनके रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), रक्त शर्करा (मधुमेह) तथा नेत्र परीक्षण (आई-साइट) की जांच की गई।
जांच के दौरान जिन चालक-परिचालकों में स्वास्थ्य संबंधी प्रारंभिक लक्षण पाए गए, उन्हें खान-पान में संयम बरतने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा जिला अस्पताल में निशुल्क विस्तृत परीक्षण कराने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने कहा कि वाहन चालकों का स्वस्थ रहना सड़क सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ राजेश वर्मा एवं यातायात प्रभारी वीर बहादुर ने चालक-परिचालकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुझाव दिए। इसके साथ ही विद्यालय की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अधिकारियों ने सभी चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर अजय इटौरिया, अलीम सर, पुरुषोत्तम पुरवार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों एवं चिकित्सा दल को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया।







Leave a comment