कालपी, जालौन। तहसील कालपी के ग्राम करमचन्द्रपुर में मंगलवार दोपहर खेत में काम करते समय जहरीले सांप के काटने से एक किसान की मौत हो गई। परिजन गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम करमचन्द्रपुर, थाना कदौरा निवासी अखिलेश कुमार उर्फ गप्पू (40 वर्ष) पुत्र देवीदीन दीक्षित मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया। किसी तरह घर पहुंचकर उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
परिजनों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
अखिलेश कुमार अपने बुजुर्ग पिता देवीदीन दीक्षित के इकलौते पुत्र थे और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी, 11 वर्षीय पुत्री अंशु तथा 8 वर्षीय पुत्र आयुष को छोड़ गए हैं। पिता की असामयिक मृत्यु से दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि अखिलेश मेहनती और मिलनसार किसान थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, शासन द्वारा देय मुआवजा तथा दोनों बच्चों की शिक्षा-दीक्षा की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।






Leave a comment