उरई। चार मई को हुए बहुचर्चित अपहरण एवं हत्या कांड में जालौन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन माह से फरार चल रही 50 हजार रुपये की इनामी महिला आरोपी सपना रानी को कोतवाली उरई पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हमीरपुर जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र के जंगल से मृतक विजेंद्र सिंह मोर के अधजले अवशेष भी बरामद किए हैं, जिससे इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच को निर्णायक आधार मिला है।
पुलिस के अनुसार, हरियाणा निवासी विजेंद्र सिंह मोर का उरई क्षेत्र से अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को हमीरपुर के जंगल में ले जाकर लगभग 40 लीटर डीजल डालकर जलाने का प्रयास किया गया, ताकि पहचान और घटना के सभी साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक और महिला आरोपी के बीच पहले संबंध रहे थे। बाद में महिला ने दूसरे व्यक्ति से विवाह कर लिया था, जिसके बाद विवाद और धमकियों का सिलसिला शुरू हुआ। वहीं, मृतक का करोड़ों रुपये के भूमि सौदे को लेकर भी विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इन्हीं कारणों से अपहरण और हत्या की साजिश रची गई तथा घटना से करीब 15 दिन पहले आरोपियों ने घटनास्थल की रेकी भी की थी।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





Leave a comment