एफपीओ के 25 नए क्रय केंद्र तत्काल शुरू करने के निर्देश, किसानों को हर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर
उरई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में मूंग क्रय केंद्रों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को मूंग बिक्री के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में वर्तमान में 16 मूंग क्रय केंद्र संचालित हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल, तौल, भुगतान तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
समीक्षा के दौरान 25 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के लिए प्रस्तावित नए मूंग क्रय केंद्रों की कार्रवाई लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने उद्यान अधिकारी एवं एआर कोऑपरेटिव को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं उसी दिन पूरी कर प्रस्तावित मूंग क्रय केंद्र तत्काल संचालित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक किसानों को अपने निकट ही उपज बेचने की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप मूंग खरीद अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र किसान को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार, उद्यान अधिकारी परवेज खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे






Leave a comment