जालौन-उरई । प्रदीप कुमार आत्महत्या प्रकरण के बाद अब मामले से जुड़े लोगों पर नए आरोप सामने आने से विवाद एक बार फिर गरमा गया है। जालौन नगर के एक कपड़ा व्यापारी ने आरोप लगाया है कि उसे अपने ही प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने से रोका जा रहा है और प्लॉट बेचने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
व्यापारी का आरोप है कि प्लॉट नहीं बेचने पर उसे वहां निर्माण कार्य नहीं करने देने की धमकी दी जा रही है। आरोप है कि राजबहादुर यादव की गिरफ्तारी के बाद उसकी पत्नी और जय सिंह यादव की पत्नी ने संपत्ति से जुड़े मामलों की कमान संभाल ली है।
व्यापारी के मुताबिक, जब प्लॉट पर मजदूर निर्माण कार्य कर रहे थे, तब कथित तौर पर उन्हें भी भड़काने का प्रयास किया गया। इस दौरान मौके पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले से संबंधित सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक महिला को कथित तौर पर दीवार तोड़ते हुए देखा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला राजबहादुर यादव की पत्नी है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदीप आत्महत्या मामले से जुड़ा है विवाद
गौरतलब है कि प्रदीप कुमार आत्महत्या प्रकरण में राजबहादुर यादव समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में राजबहादुर यादव को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
नए आरोप सामने आने के बाद आरोपी पक्ष की संपत्तियों, जमीनों के लेन-देन और कथित सूदखोरी से जुड़े मामलों की जांच की मांग भी जनपद में तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाना चाहिए कि संबंधित संपत्तियां किस प्रकार अर्जित की गईं और जमीनों के लेन-देन में कहीं कोई अनियमितता तो नहीं हुई।
फिलहाल पुलिस जांच के बीच सामने आए नए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। हालांकि, व्यापारी द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आरोपी पक्ष का आधिकारिक बयान भी अभी सामने नहीं आया है।




Leave a comment