अंजुमन फिदायाने रसूल कमेटी की बैठक में अमन-चैन और भाईचारे का संदेश देने की अपील

उरई। आगामी 26 अगस्त को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निर्धारित मार्ग से निकाला जाएगा। मंगलवार देर शाम गणेशगंज स्थित पुराने बरकातिया मदरसे में आयोजित अंजुमन फिदायाने रसूल कमेटी की बैठक में जुलूस की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।

कमेटी के संयोजक हाफिज जमील कादरी ने कहा कि जुलूस के माध्यम से देशभर में अमन, चैन और शांति का संदेश पहुंचाना कमेटी का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी जुलूस में डीजे पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों से अपील की कि वे ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे किसी अन्य समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे।

इससे पूर्व कुरैशयान मस्जिद के इमाम हाफिज आमिर ने कुरआन की तिलावत के साथ बैठक का शुभारंभ किया। अंजुमन के सदर शाही इमाम फिरोज अली रहमानी ने बताया कि 26 अगस्त को दोपहर एक बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस की शुरुआत कादरी गेट से कुरआन की तिलावत के साथ होगी।

शहर इमाम हाफिज मंजूर ने जुलूस के मार्ग की जानकारी देते हुए बताया कि जुलूस कादरी गेट से शुरू होकर बाजारिया रोड, सलीम साइकिल के सामने वाली गली, चूड़ी मार्केट, घंटाघर और छुटकन चाट वाली गली होते हुए शहीद भगत सिंह चौराहा पहुंचेगा। इसके बाद अस्पताल गेट, दलगंज तिराहा और बाजारिया रोड होते हुए वापस कादरी चौराहा पहुंचकर जुलूस का समापन होगा।

बैठक में मौजूद आमीन खां, रेहान सिद्दीकी, मिर्जा साबिर बेग, अलीम सर, हाजी शफीक खान, हाजी इसरार खान, नासिर उद्दीन एडवोकेट, चाचा कू कू माहते, रज्जाक कामरेड, शफीकुर्रेमान कशफी, इबादत अली (शानू), नबीउद्दीन और शकील सिद्दीकी को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान व्यवस्थाओं एवं मार्गदर्शन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक के अंत में बरकतिया मदरसे के प्रिंसिपल कारी रियाज ने दुनिया में अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। इस अवसर पर शहर काजी शकील बेग रहमानी, हाफिज युसूफ बरकाती, हाफिज शफीक, हाजी मुबीन, साजिद खान, हाफिज गुलाब हुसैन, राजू मंसूरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a comment