जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
उरई। ग्राम खितौली में आज आयोजित एक स्कूल कार्यक्रम को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। विहिप पदाधिकारियों का आरोप है कि कार्यक्रम में हिंदू समाज को निशाना बनाने वाली आपत्तिजनक प्रस्तुति की गई। मामले को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष महंत गुरु प्रसाद, जिला मंत्री साकेत शाण्डिल्य, प्रांत सदस्य बलवीर सिंह जादौन, जिला संयोजक अनिकेत चतुर्वेदी, जिला मंत्री अरविंद, उरई नगर अध्यक्ष राहुल शुक्ला, कोंच नगर अध्यक्ष संतोष तथा उरई संयोजक अभिषेक तिवारी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से विहिप पदाधिकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच में यदि किसी प्रकार की आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि हिंदू समाज, संगठन अथवा धर्म के प्रति अपमानजनक या आपत्तिजनक प्रस्तुति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।







Leave a comment