जालौन। थाना गोहन पुलिस टीम ने एक ब्लाइंड मर्डर मामले का सफल अनावरण कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।

मामले के अनुसार, दिनांक 22 जून 2026 को वादी राकेश तिवारी (पुत्र स्वर्गीय गिरजाशंकर, निवासी ग्राम पृथ्वीपुरा, थाना गोहन) ने अपने पिता की अज्ञात व्यक्ति द्वारा डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने की शिकायत दी थी। इस आधार पर थाना गोहन पर मुकदमा संख्या 51/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध पंजीकृत किया गया। शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा व फील्ड यूनिट टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्यवाही पूरी की गई।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ व थानाध्यक्ष गोहन को मामले के अनावरण के निर्देश दिए गए थे। विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त राजू दुबे उर्फ राजकुमार (पुत्र प्रभुदयाल दुबे, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी ग्राम बिठौली, थाना बिठौली, जनपद इटावा) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसकी छोटी भांजी की शादी 19 फरवरी 2026 को थी। तेल की रस्म वाले दिन उसने शराब पी ली थी, तब उसके बहनोई के पिता गिरजाशंकर तिवारी ने उसे थप्पड़ों से मारा-पीटा, बेइज्जत किया और घर से भगा दिया था। इसी बात से आहत होकर बदला लेने के इरादे से 21 जून 2026 की रात को मौका पाकर ग्राम पृथ्वीपुरा के खेत में लेटे गिरजाशंकर के सिर पर उसने लकड़ी के डंडे से कई बार प्रहार किए। जब उसे लगा कि व्यक्ति मर गया है, तो उसने डंडा समरसेबल के सामने बने सूखे नाले में फेंककर भाग गया।

घटना में प्रयुक्त एक डंडा घटना वाले दिन ही बरामद कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। थानाध्यक्ष गोहन मय पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की है।

Leave a comment