सपा प्रदेश अध्यक्ष ने पीडीए सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से 2027 की तैयारी में जुटने का आह्वान किया
उरई (जालौन)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि “हिंदू खतरे में नहीं है, बल्कि पीडीए खतरे में है। सावधान रहें, बटोगे तो कटोगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘हिंदू खतरे में है’ का नारा देकर पिछड़े, दलित और वंचित वर्ग के लोगों के वोट हासिल करती है, जबकि उनके अधिकार और आरक्षण पर लगातार खतरा बढ़ रहा है।
बुधवार को कोंच रोड स्थित मधुवन विला में आयोजित सपा के पीडीए सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्याम लाल पाल ने कहा कि सरकार पीडीए वर्ग के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण और रोजगार के अवसर प्रभावित किए जा रहे हैं। पढ़े-लिखे नौजवान नौकरी के लिए भटक रहे हैं और परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में बड़ी संख्या में स्कूल बंद किए हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा की सरकार बनने पर बंद विद्यालयों को फिर खोला जाएगा तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए इंटर कॉलेज और विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने महिलाओं के लिए 40 हजार रुपये पेंशन देने तथा पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में बदलाव का भी दावा किया। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की बोरी से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं तक हर जगह गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने छात्रों के आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
श्याम लाल पाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिस तरह जनपद में सपा को सफलता मिली, उसी तरह तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों को जिताकर लखनऊ भेजने का काम कार्यकर्ताओं को करना है, ताकि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बन सके।
सम्मेलन में जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, जिला महासचिव जमालुद्दीन, एमएलसी मान सिंह यादव, पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, पूर्व विधायक शिवराम कुशवाहा, पूर्व मंत्री हरिओम उपाध्याय, पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष विष्णु पाल सिंह गुर्जर, वीरपाल सिंह यादव, सुरेंद्र बजरिया और धीरेंद्र सिंह यादव, महिला जिलाध्यक्ष मांडवी निरंजन सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।






Leave a comment