मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, 7 अक्टूबर को आंबेडकर चौराहे से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च
उरई। जन संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक गिरेंद्र सिंह कछवाह ने चुनाव आयोग की ओर से कराई जा रही एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की जांच के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने की व्यवस्था को संगठन स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग संसद सदस्यों से करने की बात कही।
4 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट में गिरेंद्र सिंह कछवाह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं से निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपेक्षा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मतदाता सूची में नाम हटाने की प्रक्रिया में सरकार का दबाव या हस्तक्षेप है तो इससे चुनाव आयोग और सरकार दोनों के प्रति जनता का विश्वास प्रभावित होगा।
उन्होंने कहा कि यदि संसद सदस्य मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उन्हें पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू नहीं करते हैं तो जन संघर्ष मोर्चा आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान से वंचित करने वाली किसी भी प्रक्रिया का विरोध किया जाएगा।
गिरेंद्र सिंह ने बताया कि एसआईआर में कथित त्रुटियों और मतदाताओं को मतदान से वंचित किए जाने के विरोध में 7 अक्टूबर को जन संघर्ष मोर्चा की ओर से पैदल विरोध मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सुबह 11 बजे उरई के आंबेडकर चौराहे से शुरू होकर कलेक्ट्रेट तक जाएगा।
उन्होंने इंडिया गठबंधन, युवा-नौजवानों, सामाजिक संगठनों, लोकतंत्र समर्थक लोगों तथा जिले के सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है।






Leave a comment