उरई। भारत सरकार के साइबर जागरूकता अभियान के तहत झांसी रोड स्थित बृज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल के सभागार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ईशान सोनी और साइबर सेल की टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।
विद्यार्थियों को वेब ब्राउजिंग सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट स्कैम, साइबर बुलिंग, साइबर ग्रूमिंग और महिला संबंधी साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। बताया गया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, गेमिंग एप और फर्जी लिंक के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज, ओटीपी या फाइल को बिना सत्यापन के न खोलें। केवल विश्वसनीय और आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करें। सोशल मीडिया पर फोटो, मोबाइल नंबर, पता और बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावकों या पुलिस को दें। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत की जा सकती है।
विद्यालय प्रबंधक अजय इटौरिया ने कहा कि अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई जानकारी को विद्यार्थी अपने परिवार के सदस्यों तक भी पहुंचाएं और स्वयं भी सावधानी बरतें। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से संबंधित पुस्तकें वितरित की गईं। एक सप्ताह बाद पुस्तक की सामग्री पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रधानाचार्य सीमा श्रीखण्डे ने अतिथियों का आभार जताया। चेयरमैन सुविधा इटौरिया ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी चन्द्र देव यादव, उपनिरीक्षक अजीत शर्मा, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, कांस्टेबल प्रेमवीर सहित विद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।







Leave a comment