जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन की अध्यक्षता में ग्राम सलेमपुर कालपी थाना कुठौन्द में मिशन शक्ति के तहत जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बालिकाओं, महिलाओं और ग्रामवासियों को महिला सशक्तिकरण, यातायात नियमों तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

एसपी ने महिलाओं-बालिकाओं को संबोधित किया

जनचौपाल के अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन ने स्कूली बालिकाओं और महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जालौन पुलिस बालिकाओं एवं महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार प्रयासरत है। स्कूल, कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थान या कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पीड़ित महिलाएं विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस सेवा-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076—के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों का एक बड़ा कारण अशिक्षा है। इसलिए आवश्यक है कि अपनी बेटियों को हर हाल में शिक्षित किया जाए, ताकि वे किसी भी कार्य में सक्षम हो सकें। आज महिलाएँ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, परंतु उन्हें और अधिक स्वावलंबी बनाने के लिए उनमें नेतृत्व की भावना जागृत करना अत्यंत आवश्यक है। बेटियों में नेतृत्व की भावना विकसित होने पर वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनकर स्वावलंबी व आत्मनिर्भर होंगी।

साइबर अपराधों से बचाव पर दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल टीम जनपद जालौन ने आमजन को बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी सोशल मीडिया, गेमिंग एप्लीकेशन, फर्जी लिंक एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज, ओटीपी अथवा फाइल को बिना सत्यापन खोले जाने से मोबाइल फोन एवं निजी डेटा हैक हो सकता है। इसलिए विश्वसनीय एवं आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही एप्लीकेशन डाउनलोड करनी चाहिए।

ग्रामवासियों को यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत फोटो, मोबाइल नंबर, पता, बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य निजी सूचनाएँ साझा करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। इंटरनेट का सकारात्मक एवं सुरक्षित उपयोग करने, साइबर बुलिंग से बचने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई।

अपराध होने पर चुप न रहेंः मिशन शक्ति प्रभारी

मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी पूनम यादव ने कहा कि यदि किसी बालिका अथवा महिला के साथ किसी प्रकार का अपराध होता है तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए। परिजनों को जानकारी देने के साथ ही तत्काल सूचना देनी चाहिए, ताकि संबंधित आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

यातायात प्रभारी वीर बहादुर ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के संबंध में जागरूक किया।

उपस्थित रहे अधिकारी व ग्रामीण

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जालौन अजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना कुठौन्द विजय कुमार पाण्डेय, प्रभारी मिशन शक्ति उपनिरीक्षक पूनम यादव, प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक वीर बहादुर, साइबर सेल टीम जनपद जालौन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बालिकाएं और ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं/बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें संवेदनशील विषयों पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करना तथा एक सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण का निर्माण करना था।

जालौन पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है। जालौन पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन हेतु 24×7 प्रतिबद्ध है।

Leave a comment