जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को फटकार, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना हेलमेट सफर करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
उरई (जालौन)। राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के बावजूद मरम्मत नहीं कराए जाने पर जिलाधिकारी समीर ने नाराजगी जताई है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 दिन के भीतर गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से पर्याप्त मशीनरी और मैनपावर लगाकर सड़कों को सुरक्षित एवं सुगम बनाने को कहा।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग करने, नशे की हालत में वाहन चलाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
वाहन चालकों के स्वास्थ्य की होगी जांच
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर बस, ट्रक, चार पहिया और दो पहिया वाहन चालकों की आंखों की जांच, शुगर टेस्ट सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाएं। इसका उद्देश्य वाहन चालकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों में नियमित रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए।
चौराहों के 50 मीटर दायरे में नहीं लगेंगे होर्डिंग
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और यातायात पुलिस को सड़कों तथा चौराहों पर अनावश्यक रूप से लगे बैनर, होर्डिंग और विज्ञापन सामग्री तत्काल हटवाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चौराहों के 50 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का बैनर या होर्डिंग नहीं लगाया जाए और वहां ई-रिक्शा खड़े न होने दिए जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी और यातायात निरीक्षक को सड़कवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार कुछ मार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित किया जाए और संबंधित स्थानों पर स्पष्ट सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो।
सड़कों पर निर्माण सामग्री मिलने पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने शहर की सड़कों पर अनावश्यक रूप से पड़ी बजरी, ईंट, बालू और अन्य निर्माण सामग्री तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है और यातायात भी प्रभावित होता है। संबंधित अधिकारियों को इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बिजली के पोल और केबल भी हटाने के निर्देश
बैठक में विद्युत विभाग को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाने, आवश्यकतानुसार नए विद्युत कनेक्शन सुनिश्चित करने तथा ट्रांसफार्मरों की जांच कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अनावश्यक विद्युत पोल और केबल हटवाने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी अमित सक्सेना, सुनील कुमार और महेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन सौम्या पांडेय, प्रवर्तन अधिकारी राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







Leave a Reply