गोल्डन आवर में मिलने वाली चिकित्सा सहायता बचा सकती है अनमोल जिंदगी : चिकित्सकों ने सीपीआर और रक्तस्राव रोकने का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

उरई, 14 नवंबर। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में सड़क सुरक्षा एवं प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की जान बचाने के लिए तत्काल किए जाने वाले प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजीव शर्मा, प्रभारी निरीक्षक यातायात वीर बहादुर सिंह तथा चिकित्सक डॉ. गोपाल सोनी और डॉ. हरिप्रसाद कुशवाहा अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान चिकित्सकों ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार देने, रक्तस्राव रोकने, सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने तथा घायल को सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई। आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देने के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

चिकित्सकों ने दुर्घटना के बाद के शुरुआती महत्वपूर्ण समय यानी गोल्डन आवर के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद घायल को प्राथमिक उपचार और उचित चिकित्सा सहायता मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इस दौरान थोड़ी सी देरी भी गंभीर परिणाम पैदा कर सकती है।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को भी जीवन रक्षा से जोड़ते हुए पुलिसकर्मियों को जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए आम नागरिकों को भी आगे आना चाहिए। दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को देकर घायल को समय से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करना चाहिए।

यातायात पुलिस का कहना है कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्राथमिक उपचार के लिए सक्षम बनाना तथा समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए संवेदनशीलता विकसित करना है।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सड़क पर किया गया एक छोटा सा प्रयास किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकता है।

Leave a Reply