0 लूटीं गई दो रायफल में से एक हुई बरामद
उरई। कदौरा थाना क्षेत्र में 26 जनवरी रात पतरेहटा मौरंग घाट पर लूट करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घाट के मुनीम से 1 लाख रुपये के कैश के साथ बदमाश सुरक्षा गार्डों की दो रायफलें भी लूटकर ले गए थे। एक रायफल पुलिस ने बरामद कर ली है। गिरोह के अन्य साथियों को भी पुलिस गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची ने कहा कि जल्द दूसरी रायफल भी बरामद कर ली जाएगी।
26 जनवरी रात सशस्त्र बदमाशों ने कदौरा थाना क्षेत्र के पतरेहटा मौरंग घाट पर धावा बोल दिया था। घाट पर जो भी सामने आया बदमाशों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। रामशंकर, गोविंद यादव व पप्पू को बदमाशों ने बुरी तरह से पीटा था। सुरक्षा गार्डों की दो रायफलें लूटने के साथ मुनीम रामशंकर के साथ मारपीट कर बदमाशों एक लाख रुपये लूट लिए थे। दहशत फैलाने के बाद बदमाश वहां से भाग गए थे। यह वारदात पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। डीआईजी ने भी कदौरा थाने के निरीक्षण के दौरान पुलिस को निर्देश दिए थे कि जल्द इस मामले का खुलासा किया जाए। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस अधीक्षक एन. कोलांची ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि लूट में शामिल गिरोह का एक सदस्य निजाम निवासी अमरौधा कानपुर देहात को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसने गिरोह के अन्य साथियों के नाम भी बता दिए हैं। उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। लूटी गईं रायफलों में से एक रायफल निजाम की निशानदेही पर बरामद कर ली गई है। पतरेहटा के जंगल में एक मंदिर के पास रायफल छुपाकर रखी गई थी। दूसरी रायफल भी जल्द ही बरामद कर ली जाएगी। आरोपी को गिरफ्तार करने में कदौरा थाना के प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह व उनके हमराही शामिल रहे।







Leave a comment