उरई। खाद्य सुरक्षा योजना को पूर्ति विभाग द्वारा पलीता लगाया जा रहा है। इसकी शिकायत करते हुए मोमिन अंसार सभा ने आज जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।
मोमिन अंसार सभा के जिलाध्यक्ष मो. अयूब अंसारी ने बताया कि जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा कई बार आवेदन पत्र भरवाये जाने के बावजूद माह जनवरी व फरवरी में राजकीय सस्ता गल्ला व चीनी विक्रेताओं की सूची में तमाम गड़बड़ियां कर दी गई हैं। प्रकाशित सूची में राशन कार्ड धारक को उसकी दुकान से हटाकर दूसरी दुकान से जोड़ दिया गया है जिससे वे सामग्री लेने के लिए दुकान की तलाश में भटकते रहते हैं और सस्ते मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने की सुविधा से वंचित हो रहे हैं। यही नही आवेदन पत्र भरकर कार्यालय में जमा करने या आॅनलाइन आवेदन करने वाले हजारों पात्र उपभोक्ता आज भी राशन पाने से महरूम हैं। सबसे ज्यादा परेशानी मुस्लिम समुदाय के लोगों को उठानी पड़ रही है। जहां लोग बहुतायत में अनपढ़ हैं और मजदूरी करके जीविका चलाने वाले होने की वजह से उनमें जागरूकता नही है। राशन कार्ड में अब मुखिया महिला को बना दिया गया है। यह बात भी पर्दानसींन होने की वजह से मुसलमानों के लिए खासतौर से परेशानी का सबब है।
मोमिन अंसार सभा के प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को बताया कि 14 फरवरी को मदरसा अरबिया रहमानियां में शिविर का आयोजन किया गया था जिसमें योजना के लाभ से वंचित पात्र उपभोक्ताओं की सूची तैयार की गई है। इसी सूची पर अमल किया जाय और जिला पूर्ति कार्यालय की दुकानदारों की सूची की त्रुटियां दूर कराई जायें। कुछ दुकानदार आधार कार्ड, पहचान पत्र और पुराना राशनकार्ड लाने के बहाने उपभोक्ताओं को टालने की कोशिश कर रहे हैं इसमें सुधार किया जाय। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि और बढ़ाई जाये। प्रतिनिधि मंडल में मोमिन अंसार सभा के जिलाध्यक्ष मो. अयूब अंसारी के अलावा, मानवाधिकार झांसी मंडल के अध्यक्ष शौक चांदपुरी, मोमिन अंसार सभा के शहर अध्यक्ष मतहर अंसारी, अब्दुल शाकिर अंसारी आदि उपस्थित थे।







Leave a Reply