0 हौसला अफजाई पर सिपाही को किया पुरस्कृत
उरई। कोटरा थाना क्षेत्र में सैदनगर के पास सिपाही पर फायर करने वाले को गिरफ्तार कर शनिवार को उसे जेल भेजा गया। अपराधी द्वारा फायर करने के बावजूद जिस तरह सिपाही ने पीछे हटने के बजाए उसे दबोचा इसको लेकर पुलिस अधीक्षक ने सिपाही का हौसला बढ़ाने के लिए उसे पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए भी सिपाही का नाम प्रस्तावित किया जाएगा।
विदित हो कि शुक्रवार शाम कोटरा थाने का सिपाही मुहम्मद अफसर खां एवं धनीराम सैदनगर के पास गश्त पर थे। इसी दौरान संजय उर्फ दद्दू पाठक निवासी ग्राम सैदनगर से मुठभेड़ हो गई थी। संजय ने भागने की कोशिश में देशी पिस्टल से फायर कर दिया। छर्रे लगने के बावजूद सिपाही ने उसे दबोच लिया था। संजय उर्फ दद्दू पाठक के विरुद्ध पहले से नौ मुकदमे दर्ज थे। हत्या की कोशिश व पुलिस मुठभेड़ का एक और मुकदमा उसके विरुद्ध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक एन कोलांचि ने प्रेस वार्ता के दौरान सिपाही मुहम्मद अफसर को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है। उन्होंने कहा कि आरोपी के पास से देशी पिस्टल कहां से आयी। उसे कारतूस कौन मुहैया कराता है इसका पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। संजय ने बताया कि उसने पिस्टल गांव के ही एक व्यक्ति से छीनी थी।







Leave a Reply