0 तहसील परिसर में हुये हादसे में सरकारी दफ्तरों और घरों में हुआ नुकसान
कोंच-उरई। आज दोपहर लगभग दो बजे तहसील परिसर में उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया जब एचटी लाइन टूट कर एलटी लाइन पर गिरी और मानो कयामत ही आ गई। बड़े जोर का विस्फोट सरीखा हुआ और तारों में आग लग गई जिससे वहां भगदड़ मच गई। इस तार टूटन का खामियाजा सरकारी दफ्तरों और सरकारी आवासों को उठाना पड़ा है जिनमें लाखों के बिजली उपकरण फुंक गये। दरअसल, यह फॉल्ट आया एक कौये की वजह से जो एचटी लाइन पर बैठा था और मटकाने में उसकी दुम दूसरे तार से छू गई जिससे कौये की राख बन गई और वह राम को प्यारा हो गया। कोतवाली के गेट पर हुये इस हादसे के तुरंत बाद पावर हाउस फोन कर सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद लोगों ने हुये नुकसान का जायजा लेना शुरू किया तो एसडीएम आवास, दफ्तर में इंवर्टर समेत तमाम उपकरण फुंके पाये गये। कोतवाली में रखे तीन कम्प्यूटर, प्रिंटर समेत तमाम चीजें फंकी मिलीं। लसइन घरैया में भी उपकरण फंकने की बात कही जा रही है। प्रभारी कोतवाल रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी ने बताया है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है ताकि रिपोर्ट बनाई जा सके।
क्या होता अगर गार्डिंग न लगी होती..?
वह तो अश्छा था कि एचटी लाइन के नीचे इस इलाके में गार्डिंग लगाई गई थी जिसके चलते टूटा तार उस गार्डिंग पर अटक गया। अगर यह तार गार्डिंग न लगी होने के कारण नीचे जमीन पर आता तो जानें भी जा सकती थीं क्योंकि इस लाइन के नीचे कई खोखे और दुकानें हैं जिन पर दर्जनों लोग खड़े सौदा सुलफ ले रहे थे। इसका दूसरा काला पहलू यह है कि नगर में लगभग सभी जगह एचटी लाइनें बिल्कुल नंगी हैं, यानी गार्डिंग नाम की कोई चीज नहीं नगाई गई है और वहां की आबादी खतरों से हरदम जूझती रहती है। क्या बिजली विभाग के बड़े अधिकारी इसका संज्ञान लेकर नगर में भी गार्डिंग लगवाने की जेहमत उठायेंगे या फिर सब कुछ रामभरोसे ही चलता रहेगा।







Leave a Reply