0 महाशिवरात्रि पर आज से प्रारंभ होंगे होंगे धार्मिक अनुष्ठान
कोंच-उरई। भगवान शिव और पार्वती के परिणय का मंगलदायी उत्सव महाशिवरात्रि पर्व सोमवार 7 मार्च को यहां धूमधाम से मनाने के लिये तैयारियां जोरों पर हैं। एक ओर जहां विभिन्न शिवालयों की साफ सफाई कर उन्हें अलंकृत किया जा रहा है तो वहीं दूसरी तरफ कवि और साहित्यकार इस पर्व को कविताओं की लडियों में गूंथने को उतावले हैं, साथ ही अखंड रामायण पाठों आदि के आयोजनों की भी रूपरेखा बनाई गई है।
महाशिवरात्रि पर्व आशुतोष भोले बाबा और आदिशक्ति मां भगवती के शुभ परिणय का महान उत्सव है जिसे हिंदू धर्मावलंबी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाते हैं। 7 मार्च को होने बाले इस बिशेष पर्व के लिये विशेष तैयारियां की जा रही हैं। नगर से बारह किमी दूर देवगांव के परमहंस बद्रीदास आश्रम में शिवरात्रि पर्व पर विशेष अनुष्ठान किये जाने की परम्परा है जिसमें परमहंस बद्रीदास जी महाराज के हजारों शिष्य दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश से आते हैं। इस अवसर पर विशाल भण्डारे का भी आयोजन किया जायेगा। सभी व्यवस्थायें आश्रम के सेवायत पप्पू महाराज की देखरेख में की जा रही हैं। इधर, मारकण्डेयश्वर जी महाराज के मंदिर में भी बिशेष पूजा अर्चना के लिये मंदिर को अलंकृत किया जा रहा है और सोमवार को भगवान मारकंडेयश्वर महाराज का नयनाभिराम श्रृंगार किया जायेगा। मंदिर के ट्रस्टी रामशरण अग्रवाल ने बताया है कि सुबह भोलेनाथ का अभिषेक किया जायेगा तत्पश्चात् हवन, पूजन व प्रसाद वितरण होगा तथा शाम को यहां विशाल मेले का भी आयोजन किया जायेगा। नई बस्ती स्थित सिद्धेश्वर मंदिर, चंदकुआ के भूतेश्वर मंदिर, महाकालेश्वर नायक के मठ्य, बक्सेश्वर महादेव मंदिर आदि में भी अखण्ड रामायण पाठ और शिवार्चन, रूद्राभिषेक जैसे आयोजन कल रविवार से ही शुरू हो जायेंगे।







Leave a Reply