05orai06उरई। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को यहां अपने ममेरे भाई सोमेंद्र सिंह कुक्कू को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंची। हैलीकाॅप्टर से पुलिस लाइन में वे अपनी बहन और मध्य प्रदेश सरकार की उद्योग एवं रोजगार विभाग की मंत्री यशोधरा राजे के साथ उतरीं। प्रशासन को उनके आगमन की सूचना एक घंटे पहले ही मिली थी। इस कारण प्रशासन हड़बड़ी में था। पुलिस लाइन के हैलीपैड पर डीएम रामगणेश और एसपी एन. कोलांची ने उनकी अगवानी की।
हैलीपैड से मोना हाउस तक उन्हें पहुंचाने के लिए डीएम की गाड़ी की व्यवस्था की गई थी। वे यशोधरा के साथ गाड़ी में बैठकर सीधे मोना हाउस चलीं गई। वहां उन्होंने पहले अपने मामा और सोमेंद्र सिंह कुक्कू के पिता सुरेंद्र सिंह मोना को सांत्वना दी। इसके बाद उन्होंने कुक्कू की पत्नी और उनके इकलौते पुत्र सोमेश को ढांढस बंधाया। लगभग 15 मिनट तक वे अपने शोकाकुल परिजनों के बीच रहीं। इसके बाद वे वापस पुलिस लाइन पहुंचकर हैलीकाॅप्टर से प्रस्थान कर गईं। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कोई वार्ता करने से साफ इंकार कर दिया।

Leave a Reply