0 11 जोड़े सामूहिक विवाह सम्मेलन में बंधे वैवाहिक बंधन में
कोंच-उरई। मंगलवार को यहां महेशपुरा रोड स्थित स्व. मेवालाल जाटव जूनियर हाईस्कूल परिसर में सामूहिक विवाह के दूसरे सम्मेलन का आयोजन किया गया जिसमें 11 जोड़ों ने अग्नि के गिर्द सात फेरे लेकर जीवन भर साथ रहने के लिये वचनबद्ध हुये। कार्यक्रम के अध्यक्ष पूर्व उरई सदर विधायक एवं कांग्रेस के प्रदेशीय उपाध्यक्ष विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन एक स्वस्थ परंपरा है जो दहेज दानव और फिजूलखर्ची रोकने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजक मंडल को इस आयोजन के लिये साधुवाद देते हुये कहा कि अन्य संस्थाओं को भी इनका अनुसरण करते हुये सामूहिक पद्धति को बढावा देने के लिये आगे आना चाहिये। उन्होंने सभी नवयुगलों के सुखी दांपत्य जीवन की कामना का आशीर्वाद भी दिया।
आयोजन के मुख्य अतिथि एसडीएम कोंच संजयकुमार सिंह व विशिष्ट अतिथि तहसीलदार जितेन्द्रपाल ने भी नवदंपत्तियों को दीर्घजीवी होने का आशीर्वाद देते हुये कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में सामूहिक शादियों का चलन बाकई मिसाल है और अन्य क्षेत्रों के लोग भी धीरे धीरे इस तरह की परंपरा को अपनाने की दिशा में आगे बढ रहे हैं। उन्होंने इस तरह के आयोजनों की उपादेयता बताते हुये कहा कि समाज के विभिन्न तबकों के गरीबों की बेटियों के हाथ पीले करने की दिशा में यह सम्मानजनक तरीका है। आयोजन समिति के अध्यक्ष नवल किशोर जाटव, मंत्री राजपाल सिंह गुर्जर, कोषाध्यक्ष दयानिधि शुक्ला, संयोजक अरूण जाटव ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान दूल्हों का टीका जुगलकिशोर अग्रवाल एडवोकेट द्वारा किया गया। 11 जोड़ों ने एक ही मंच पर जयमाला की परंपरा निभाई। जो जोड़े दांपत्य बंधन में बंधे उनमें बबलू ढेरी संग नेहा कोंच, हरीमोहन बर्ध संग रजनी आटा, हरीमोहन अंडा संग मोहिनी आटा, चंद्रपाल सिंह चिरगांव खुर्द संग आरती भुआ, दरोगा वोहरा संग पूजा भेंड़, दीपक कुमार रामपुर सनेता संग राधा लाड़ूपुरा, रवि जाखौली संग अंगूरी देवी विरगुवां खुर्द, बालाप्रसाद खुटैला संग लक्ष्मी जाखौली, गुड्डू कुठौंदा संग रिंकी चुर्खीवाल जालौन, राहुल कोंच संग लक्ष्मी कोंच तथा धीरजकुमार बसरेहर संग रागिनी कैथवा ने परिणय बंधन में बंधना स्वीकार किया। सभी जोड़ों को गृहस्थी के उपयोग के तमाम उपहार भेंट किये गये। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रियाशरण नगाइच, कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभूदयाल गौतम, अखिल वैद, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बुद्घसिंह, काजी जाहिद, राममनोहर यादव, कुंदन सहित तमाम लोग मौजूद रहे।







Leave a Reply