0 किसानों की तरफदारी में भाजपा ने भी दिया ज्ञापन
कोंच-उरई। रात में हुई तबाही की बारिश के निशान आज तहसील मुख्यालय पर भी दिखाई दिये। कई गांवों के सैकड़ों किसान अपनी उजड़ी फसलों के अवशेष और रात में गिरे ओलों जो अब तक उन्होंने सुरक्षित बचा कर रखे थे, को लेकर उन्होंने तहसील पर प्रदर्शन किया और एसडीएम को अपनी बर्बादी के बारे में बताया। किसानों की तरफदारी कर रही भाजपा ने भी अलग से ज्ञापन देकर प्रशासन से मांग की है कि प्लॉट टु प्लॉट सर्वे करा कर किसानों को उनके हुये नुकसान की क्षतिपूर्ति की जाये।
विकास खंड नदीगांव के ग्राम लरियापुरा, कुदारी, महतवानी, धंजा, सुलखना, परासनी आदि गांवों के सैकड़ों किसान आज दोपहर तहसील मुख्यालय पहुंचे और अपने साथ लाई गई क्षत विक्षत फसलों को लहराते हुये प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि भारी ओलावृष्टि से तहसील क्षेत्र के खकसीस, परधानी, कमसेरा, क्योलारी, भेंड़, बदऊंवा, करहियापुर, अंडा, घुसिया सहित सैकड़ों गांवों की फसलें पूरी तरह से तबाह हो चुकी हैं। यह तबाही टूटे किसानों के ऊपर बज्राघात की तरह है और किसानों की नौबत भुखमरी के कगार पर पहुंच चुकी है। ज्यादातर फसलें नष्ट हो चुकी हैं और दस पांच प्रतिशत जो खेतों में दिख भी रही हैं वह कटने जैसी स्थिति में ही नहीं रह गई है। इस दौरान इंद्रपालसिंह, माताप्रसाद, प्रह्लादसिंह कौरव, कृष्णस्वरूप, कृष्णपाल सिंह, रामलला, अवधेश, ब्रजकिशोर, हरदयाल, कुंवरपाल, प्रेमनारायण, जगभानसिंह, रवीन्द्रकुमार शिवहरे, धर्मेन्द्र दुवे कुदारी, रामेश्वर दयाल, श्रीराम प्रजापति, फूलसिंह, विजयकुमार, मंजूदेवी, विनोदकुमार, अवधादेवी, मुकेश, गोविंद सहित तमाम किसान मौजूद रहे।
इस तबाही को लेकर भाजपा भी किसानों की तरफदारी में उतर आई है। पूर्व जिलाध्यक्ष मूलचंद्र निरंजन की अगुवाई में नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुनीलकांत तिवारी, सुनील शर्मा, डीके सोनी, नरेश वर्मा, अनिल अग्रवाल, तीते गहोई, अमित उपाध्याय आदि ने एसडीएम संजयकुमार सिंह से मुलाकात कर किसानों की व्यथा बताई, कहा कि हजारों किसानों के सामने रोटी तक का संकट खड़ा हो गया है क्योंकि लगभग नब्बे फीसदी फसलें इस दैवीय आपदा में बर्बाद हो चुकी हैं, कई सालों से सूखे और अतिवृष्टि व ओलावृष्टि की मार खाते खाते किसानों की स्थिति इस वक्त बहुत ही खराब है, लिहाजा भाजपा की मांग है कि जनपद में शीघ्र ही सर्वे करवा कर किसानों को समुचित मुआवजा दिलाया जाये।







Leave a Reply