माधौगढ़-उरई। परमार्थ समाज सेवी संस्था ने महिला दिवस पर जनसंवाद शिविर का आयोजन नव निर्वाचित ब्लाॅक प्रमुख सोनिया राठौर की अध्यक्षता में किया। संस्था के परियोजना निदेशक अनिल सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरूआत ब्लाॅक प्रमुख सोनिया राठौर ने सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद दीप प्रज्ज्लन कर किया। इस दौरान महिलाओं की रैली भी निकाली गई जिसे सोनिया राठौर ने हरी झंडी दिखाई। रैली में शामिल महिलायें महिला एकता जिंदाबाद, महिला दिवस जिंदाबाद, फूल नही चिंगारी है बुंदेलखंड की नारी है जैसे नारों से माहौल को जोश से ओतप्रोत कर दिया। रैली में मुख्य रूप से जल सहेलियों और पानी पंचायत की सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर बोहरा गांव की निवासिनी ममता देवी ने स्वागत गीत गाया। कई महिलाओं ने अपने-अपने ढंग से महिलाओं की स्थिति व उनके सशक्तिकरण पर विचार प्रकट किये। अनिल सिंह ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनायें संचालित हो रही हैं जिनका लाभ उठाने के लिए उन्हें आगे आना चाहिए। उन्होंने जल सहेलियों से इस दिशा में महिलाओं को जागरूक करने का आवाहन किया। परियोजना समन्वयक संतोष कुमार ने महिलाओं को जल संरक्षण और संचयन में बढ़-चढ़कर भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। निर्मल वर्मा ने भी महिलाओं से होने वाले भेदभाव को समाज के लिए कलंक बताया।
अध्यक्षता कर रहीं सोनिया राठौर ने अंत में कहा कि कोई भी समाज तब तक उन्नति के शिखर तक नही पहुंच सकता जब तक महिलाओं को बराबरी के अधिकार न दिये जायें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को भी चाहिए कि वे सार्वजनिक जीवन में घरेलू जिम्मेदारियों के बावजूद बढ़-चढ़कर भूमिका निभायें। तांकि समाज उनके योगदान से प्रभावित हो सके। क्षेत्रीय समन्वयक हेंमत कुमार वर्मा, अवनीश मिश्रा, पहुंज विकास मंच के संयोजक श्रीकृष्ण दोहरे, नाथूराम बौद्ध, श्याम सिंह, बलीराम बापू आदि भी उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन ममता गुप्ता ने किया।







Leave a Reply