उरई। बेतवा किनारे के गांव सैदनगर में बुधवार की रात आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर गृहस्वामी को दबोच लिया और उसे पीटकर मरणासन्न हालत में छोड़कर एक लाख रुपये के लगभग की नगदी और सामान लूट ले गये।
कोटरा थाने के उक्त गांव में अधरू (45वर्ष) के घर में परिवार के लोग किसी शादी में शामिल होने के लिए बाहर गये थे। अधरू अकेला था। जिसकी खबर शायद बदमाशों को रही। वे लोग आधी रात में लाठी-डंडा लेकर उसके घर में घुस आये और नींद की हालत में ही उसे दबोच लिया। उन्होंने लाठी-डंडों से उसके सिर व शरीर के अन्य भागों में ताबड़तोड़ प्रहार किये जिससे उसका सिर फट गया। बेतरह मार की वजह से वह अचेत होकर धराशायी हो गया। इसके बाद बदमाश उसके घर का सारा सामान तितर-बितर करके नगदी व सोने-चांदी का सामान लेकर चले गये। सुबह पड़ोस के लोगों ने जब अधरू की हालत देखी तो उन्होंने पुलिस को खबर की। सरसरी तौर पर इस घटना में गांव के ही छुटभैया असामाजिक तत्वों का हाथ माना जा रहा है।







Leave a Reply