11orai04उरई। बजरंग दल के जिला संयोजक अखिलेश डीहा ने शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश डकैती अनिल कुमार उपाध्याय की अदालत में समर्पण कर दिया है। उन सहित बजरंग दल के सात कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गत् 29 जनवरी को धर्मांतरण के संदेह में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अवधेश सविता नामक युवक का सिर और मूंछ मूड़कर गधे पर बिठाकर जुलूस निकाला था। पुलिस प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए डकैती, वर्ग विद्वेष भड़काने सहित कई संगीन धाराओं में अखिलेश डीहा उनके साथ कुलदीप गौर, शैलेंद्र सिंह राजवत निवासी हरौली, गोल्टू ठाकुर उर्फ संदीप, पंकज व चंदन और सौ-डेढ़ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम किया था। जिसके बाद बजरंग दल के उक्त सभी नेता भूमिगत हो गये थे। इनाम की घोषणा के बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में अभी तक कामयाब नही हो पाई थी। इसी बीच आज पुलिस को चकमा देकर अखिलेश डीहा ने अदालत में सरेंडर कर दिया। विशेष न्यायाधीश डकैती ने फिलहाल उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जेल पहुंचाने के पहले अखिलेश डीहा को फिंगर प्रिंट लेने के लिए कोतवाली लाया गया। इस दौरान हिंदू संगठनों के कई प्रमुख नेता उनके साथ रहे।

Leave a Reply