27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर शनिवार को संपन्न हुई मासिक राष्ट्रीय लोक अदालत में 21 हजार 249 मुकदमों का निस्तारण किया गया। इनमें 1 लाख 820 रुपये अर्थदंड वसूला गया जबकि मोटर दुर्घटना के दो वादो में बीमा कंपनियों से पीड़ित पक्षों को 12 लाख 35 हजार 500 रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। आज की लोक अदालत में 23 हजार वादकारी लाभान्वित हुए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव पीयूष तिवारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रभारी जिला जज नंदलाल ने लोक अदालत में आधा दर्जन मुकदमों का निस्तारण अपनी अदालत से किया। उन्होंने वाहन दुर्घटनाओं में चार याचियों को 9 लाख 90 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति बीमा कंपनियों से दिलाई। कुटुंब न्यायाधीश रामअचल यादव ने 23, विशेष न्यायाधीश श्रीनाथ सिंह ने 4, अपर जिला जज संजय कुमार सिंह ने विद्युत अधिनियम के 25, विवेकानंद शरण त्रिपाठी ने उत्तराधिकार अधिनियम के 7 और एफटीसी जज शिवदान यादव ने 2 व्यवहार वादो का निस्तारण किया।
सीजेएम पीयूष तिवारी ने 312 आपराधिक प्रकरणों का निस्तारण आरोपियों पर जुर्माना लगाकर किया जिसमें 29 हजार 950 रुपये उनकी अदालत से राजकीय कोष में जमा कराये गये। न्यायिक मजिस्ट्रेट जालौन विवेक कुमार सिंह ने 35, जेएम कोंच राजीव कुमार सिंह ने 12, अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन कोंच विजय कुमार कटियार ने 18, विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट जगमोहन सिंह ने 53, न्यायिक मजिस्ट्रेट कालपी निशांत मान ने 47, सिविल जज जूनियर डिवीजन उरई विवेक विक्रम ने 109 और अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन पीयूष वर्मा ने 5 वादो का निस्तारण किया।
अपर जिला मजिस्ट्रेट आनंद कुमार ने जमीदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम के 2 मुकदमों का निपटान करते हुए 8 हजार रुपये जुर्माना वसूल कराया। विभिन्न उपजिलाधिकारी ने 44 लंबित वादो का निस्तारण किया। वहीं 107/116 सीआरपीसी के उपजिला मजिस्ट्रेटों की अदालत में 167 मुकदमें खत्म किये गये। विभिन्न राजस्व न्यायालयों द्वारा भू-राजस्व अधिनियम के 97 वादो में सुलह समझौता कराया गया। विभिन्न नगर पालिकाओं टाउन एरिया, चालानी, एवं पुलिस और परिवहन विभाग की चालानी समेत अन्य प्रकृति के 17233 मुकदमें निपटाये गये।
आज संपन्न लोक अदालत में बीमा कंपनी के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। उनके साथ अशोक वाष्र्णेय, आशुतोष चतुर्वेदी, हरिहर शंकर श्रीवास्तव समेत कई अधिवक्ता और वादकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply