12orai06रामपुरा-उरई। तहसील दिवस में की गई फरियाद रंग लाई, फरियादी को आखिर अतिक्रमण की भेंट चढ़ी अपनी जमीन मुक्त कराने में कामयाबी मिल गई।
तहसील दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्या के निस्तारण की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। लेकिन सभी की किस्मत राजू बाथम की तरह अच्छी नही होती। राजू बाथम गत् दिनों माधौगढ़ में आयोजित तहसील दिवस में टीहर ग्राम में उनकी जमीन पर अनिल दीक्षित द्वारा अतिक्रमण कर लेने की शिकायत की थी। राजू और अनिल दीक्षित के बीच यह विवाद गंभीर रूप लेता जा रहा था। तहसील दिवस में मौजूद जिलाधिकारी रामगणेश को जब इस समस्या की नजाकत का गुमान हुआ तो उन्होंने एसडीएम एसपी अग्रवाल और सीओ महेंद्र कुमार को वहीं निर्देशित किया कि वे खुद मौके पर जाकर विवादित खेत की पैमाइश करायें और अगर फरियादी की जमीन पर दूसरे पक्ष का कब्जा निकले तो तत्काल ही उसे हटवाकर फरियादी को पूरी जमीन हस्तगत करा दें।
जिलाधिकारी के कड़े तेवरों को देखते हुए एसडीएम और सीओ आज टीहर पहुंच गये। उनके साथ कानूनगो दुर्गाचरण व लेखपाल भी थे। एसडीएम ने दोनों पक्षों को बुलवाकर उनके सामने विवादित स्थल पर पैमाइश कराई। जिसमें राजू बाथम की शिकायत सही पाई गई। फलस्वरूप तत्काल निर्णय करते हुए एसडीएम ने राजू को उनकी पूरी जमीन पर कब्जा दिला दिया। तहसील दिवस के इस तुरत-पुरत असर की चर्चा पूरे क्षेत्र भर में हो रही है।

Leave a Reply