27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ceउरई। जिला बार संघ के हाल में संपन्न हुए चुनाव के विरुद्ध एल्डर्स कमेटी के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत शिकायत को विचारार्थ स्वीकार करते हुए सहायक रजिस्ट्रार फम्र्स सोसाइटीज एवं चिट्स ने फिलहाल नये पदाधिकारियों के कार्य करने पर रोक लगा दी है। उनके इस आदेश से महेश चंद्र द्विवेदी की अध्यक्षता वाली नव निर्वाचित बार संघ कार्यकारिणी को जबर्दस्त धक्का लगा है।
एल्डर्स कमेटी में शामिल रहे जगत नारायण गुप्ता, अकबर अली व वीरेंद्र सिंह सेंगर ने आरोप लगाया कि पिछली कार्यकारिणी ने समय समाप्त हो जाने के बाद भी बार संघ के संविधान के मुताबिक अपने अधिकार एल्डर्स कमेटी में निहित करने के बजाय स्वयं बैठक करने और फैसले लेने का क्रम जारी रखा। इस बीच मनमाने तरीके से नई एल्डर्स कमेटी बनाकर अनियमितता पूर्ण तरीके से 6 फरवरी को चुनाव करा लिया गया। जिसमें महेश चंद्र दुबे अध्यक्ष और बृजबिहारी गुप्ता महासचिव निर्वाचित हुए। इस प्रक्रिया को कोई वैधानिक समर्थन नही था। यह कहते हुए उक्त अधिवक्ताओं ने सहायक रजिस्ट्रार के सामने याचिका प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
झांसी स्थित सहायक रजिस्ट्रार अरविंद कुमार सिंह ने शिकायत का परीक्षण करने के बाद लिखा है कि जालौन जिला बार संघ के वर्तमान निर्वाचन से संबंधित कोई भी कार्रवाई उनके कार्यालय में प्रस्तुत नही की गई है और न ही धारा-4 के मुताबिक जरूरी नई कमेटी के पंजीकरण का आवेदन अभी तक उनको दिया गया है जबकि 14 दिन के अंदर ऐसा करना अनिवार्य होता है तभी नई कमेटी मान्य हो सकती है। इसलिए बार संघ की नई कार्यकारिणी को वैधानिक रूप से शून्य करार देते हुए सहायक रजिस्ट्रार ने 18 मार्च को प्रस्तुत याचिका का जबाव उनके समक्ष देने का आदेश पारित कर दिया है।

Leave a Reply