उरई। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाये रखने में लगातार नाकामियों से जूझ रही यूपी पुलिस के मुखिया ने पुराने फार्मूले को नया रंग रोगन देकर परवान चढ़ाते हुए सभी जिलों को वांछित और वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान चलाने के लिये निर्देशित किया है।
इसका असर यहां भी दिखाई दिया। डीजी साहब का हुकुम तामील करने की मजबूरी के लिये बढ़ते तापमान की वजह से थानों में अभी से मांद के अन्दर ही रहकर सेहत की हिफाजत कर रहे इंचार्ज और दरोगा इस टारगेट को पूरा करने के लिये निकल पड़े हैं। पुलिस कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार आज जिले भर में 18 वारंटियों को पुलिस ने पकड़कर अपनी पीठ ठोंक ली। इसमें एक दर्जन वारंटी उरई कोतवाली पुलिस के तीरंदाजों ने पकड़े हैं। वैसे लोगों का कहना है कि वारंटियों में ज्यादातर अदालत की तारीख में चूक कर जाने वाले निरीह लोग हैं। जिनके अन्दर बाहर रहने से जराइम की दुनिया के मास्टरों पर कोई फर्क नहीं पड़ता। इसीलिये वारंटियों की गिरफ्तारी के चुके चुकाये फार्मूले से अपराध नियंत्रण की स्थिति में सुधार आने की बहुत उम्मीद सयानों को नहीं है।

Leave a Reply