उरई। किसानों और आम जनता पर मौसम का कहर टूटना अभी बंद नही हुआ है। सोमवार को दोपहर बाद फिर जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओले पड़े। किसान लगातार जारी अपनी बर्बादी से बुरी तरह कराह उठे हैं।
पिछली 7 मार्च से मौसम की मार किसानों पर पड़ने का नया चरण शुरू हुआ जो अभी तक जारी है। 7 मार्च को कई गांवों में बड़े-बड़े ओले रात में गिरे जिससे फसलें सत्यानाश हो गई। जिलाधिकारी रामगणेश ने अगले दिन प्रभावित ग्रामों में पहुंचकर किसानों के आंसू पोछे और उनकी मदद के लिए शासन को प्रभावी पैरवी के साथ पत्र भेजे। लेकिन इसके बाद भी मौसम का रौद्र रूप शांत नही हुआ। तब से हर दिन आंधी और बेमौसम बारिश का क्रम जारी है। रविवार को रात में कई जगह आंधी आने और पानी गिरने से फसलों को भारी नुकसान हुआ। उरई के मोहल्ला बघौरा में दीवार गिरने से दो लड़कियां घायल हो गईं। जिन्हें हालत नाजुक होने की वजह से डाॅक्टरों ने झांसी रेफर कर दिया। उधर आज दोपहर में कुठौंद, जगम्मनपुर आदि क्षेत्रों से भारी बारिश और ओले गिरने की खबरें मिली हैं। मौसम के इस कहर से किसानों में मातम का माहौल छा गया है। किसानों की दुर्दशा से व्यापारी भी आने वाले दिनों में कारोबार को होने वाले नुकसान के अनुमान से सिहर उठे हैं।







Leave a Reply