दिन बदलने से नहीं जुटे तहसील दिवस में फरियादी, कुल 9 फरियादें आईं
14orai11कोंच-उरई। पहले और तीसरे मंगलवार को आहूत होने वाला तहसील दिवस आज सोमवार को हो जाने की वजह से लोगों को इसकी विधिवत् जानकारी नहीं हो सकी और आज इस आयोजन में फरियादियों का जबर्दस्त टोटा दिखाई दिया और ज्यादातर समय अधिकारी फुर्सत में ही नजर आये। कुल 9 फरियादें ही आज दर्ज की जा सकीं जिन्हें समय के भीतर निस्तारित करने के औपचारिक निर्देश दिये गये। यहां गड़बड़झाला यह है कि उच्चाधिकारियों की फटकार खाने के बाद भी अधिकारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले तहसील दिवसों की 33 समस्यायें अभी भी गैरनिस्तारित पड़ी हैं जो इस बात की तस्दीक करती हैं कि अधिकारियों की दिलचस्पी लोगों की समस्यायें निपटाने में कतई नहीं है और वे इसे महज औपचारिकता दिवस के रूप में देखते हैं।
तहसीलदार जितेन्द्रपाल की अध्यक्षता में निपटे आज के तहसील दिवस में उन्होंने सबसे पहले उन विभागों की कक्षा लगाई जिनकी पिछली तहसील दिवसों की समस्यायें निस्तारित नहीं हुई हैं। तहसीलदार ने एक बार फिर उन्हें चेतावनी दे डाली कि समस्याग्रस्त लोगों की कुछ तो चिंता करें और उन्हें जो समस्या दी गई है उसका समय रहते निस्तारण करें। उन्होंने बताया कि कोतवाली कोंच की तीन, कैलिया और एट थानों की दो दो, नदीगांव की चार, बीडीओ नदीगांव की तीन, विद्युत विभाग की पांच, लघु सिंचाई की दो, डीएमआरओ उरई, जिला पंचायत राज अधिकारी, आपूर्ति की एक एक तथा शेष राजस्व विभाग की लंबित हैं। तिलकनगर कोंच के लोगों ने मनफूले के घर के पास खराब पड़े हैंडपंप को ठीक कराने, पटेलनगर के राजेन्द्रप्रसाद ने जल संस्थान द्वारा 2785 रूपये का फर्जी बिल भेज दिये जाने, घनाराम महेशपुरा ने फसल नष्ट होने आदि को लेकर शिकायतें कीं। इस दौरान बीडीओ कोंच बब्बनराय, नदीगांव गणेशप्रसाद, कोतवाली से एसआई रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, एसआई राजेन्द्रप्रसाद दुवे, कैलिया थाने से अब्दुल अजीज, जेई विद्युत अमित शर्मा, वन विभाग से भागीरथ कुशवाहा, जल संस्थान के जेई एससी सचान, कृषि विभाग से अशोककुमार निरंजन, बाल विकास विभाग से संपत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply