विनायक एकेडमी के प्रबंधन के लिहाज में मानवीयता को खाकी ने रखा गिरवी
मां और घर की अन्य महिलाएं तक बैठी भूख हड़ताल पर
उरई। डेढ़ महीने से अधिक समय से लापता स्कूली छात्र के मामले में कोतवाली पुलिस की संवेदनहीनता को लेकर सोमवार को लोगों का गुस्सा फट पड़ा। बालक के परिजन और ग्रामीण कोतवाली के सामने आज से भूख हड़ताल पर बैठ गये। उन्होंने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कोतवाली के जिम्मेदार अधिकारियों के लिए उन्हें कोढ़ होने जैसी खतरनाक बददुआएं दी लेकिन उनकी चमड़ी इतनी मोटी हो चुकी है कि उनमें इतना सुनने के बाद भी कोई हरकत नही हुई। लापता बच्चे के परिजनों की हाय सुनकर राहगीर तक उद्वेलित हुए बिना नही रहे। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनकी आहें पुलिस के खिलाफ जबर्दस्त आंदोलन की लहर में न बदल जायें।
गौरतलब है कि गत् 5 फरवरी को राठ रोड स्थित विनायक एकेडमी का चैथी कक्षा का छात्र योगेंद्र राजपूत स्कूल जाने के बाद लौटकर वापस नही आया। पारिवारिक पृष्ठभूमि के कारण मासूम के साथ अनहोनी होने का अंदेशा शुरू से ही जाहिर किया जा रहा था लेकिन स्कूल प्रबंधन के मोटे आसामी होने की वजह से पुलिस की जांच इस मामले में पहले दिन से ही संदेह के घेरे में बनी हुई है। गायब बच्चे के दादा खेमचंद्र को विनायक के प्रधानाचार्य रामलला निरंजन व संस्कार होस्टल के प्रबंधक सुरेंद्र पाल सिंह परिहार पर शक है लेकिन उनका कहना है कि पुलिस ने इनके खिलाफ गंभीरता से जांच करने में कोई दिलचस्पी नही ली है। घटना के इतने दिनों बाद भी बच्चे का सुराग न लगने से परिजन स्वाभाविक रूप से बुरी तरह बैचेन हैं। खेमचंद्र का कहना है कि पुलिस ने जांच के नाम पर टाल-मटोल के सिवा कुछ नही किया। पुलिस के रवैये से बच्चे की गुमशुदगी के लिए जिम्मेदार लोगों को उसके साथ कुछ भी कर देने का मौका मिल चुका है। उनका कहना है कि अगर बच्चे के साथ कोई अनहोनी हो गई होगी तो इसके जिम्मेदार शहर कोतवाल आलोक सक्सेना व्यक्तिगत् रूप से होंगे।
उधर बच्चे के परिजनों की भूख हड़ताल के बावजूद कोतवाल सहित पूरी पुलिस बेफिक्र दिखी। जिससे परिजनों और घटना पर गौर करने वाले आमजनों का गुस्सा चरम सीमा पर पहुंचता जा रहा है। हालांकि खेमचंद्र को नवागंतुक पुलिस अधीक्षक पर भरोसा है कि उनके आंदोलन से घटना के बारे में भिज्ञ होने पर वे सख्त रुख दिखायेंगे और मटरगस्ती मे मशगूल कोतवाली पुलिस के अधिकारियों की बादी छांटकर घटना की तफ्तीश को अंजाम तक पहुंचायेंगे। धरना स्थल पर भाजपा के युवा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल उनके साथ हमदर्दी और समर्थन जताने के लिए पहुंचे। उदयभान राजपूत करमेर, रमेश चंद्र राजपूत, कीरत सिंह, आरती, पूजा, भगवान सिंह, बृगभान सिंह और रामगोपाल आदि के साथ बच्चे की मां गुडडी देवी, नानी हल्की देवी, मौसा लखन राजपूत मोहम्मदाबाद, मौसी विद्या देवी, भाभी कृष्णा देवी भी भूख हड़ताल में शामिल रहीं।
होली मैनेजमेंट से की सुरक्षा की व्यूह रचना
कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले सहित कई मामलों में लीपापोती और सटटा, जुआ व अवैध शराब की बिक्री को शह की कारगुजारी पर पर्दा डालने के लिए होली मैनेजमेंट के नाम पर नारद वंशियों पर वशीकरण के लिए 1 लाख रुपये खर्च किया था। इसके तहत दो हजार से पांच हजार रुपये तक की नगदी का लिफाफा और एक हजार रुपये के रैंज वाली एक-एक बोतल का वितरण किया गया था। उन्हें उम्मीद थी कि इससे नये बाॅस तक उनकी किसी करतूत की खबर नही पहुंच पायेगी। लेकिन बच्चे के परिजनों ने भूख हड़ताल पर बैठकर कोतवाली पुलिस की व्यूह रचना को तार-तार कर दिया।







Leave a Reply